Siddharthnagar News। थाना मिश्रौलिया क्षेत्र के ग्राम नागचौरी में हुई दर्दनाक घटना में घायल माँ-बेटी का हाल जानने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर प्रशान्त कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान 25 अगस्त 2025 को बी.आर.डी. मेडिकल कॉलेज गोरखपुर पहुँचे। दोनों अधिकारियों ने न केवल घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना बल्कि रक्तदान कर मानवीय संवेदना का भी परिचय दिया। साथ ही उन्होंने शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
घटना का विवरण
23 अगस्त 2025 की रात थाना मिश्रौलिया क्षेत्र के नागचौरी गांव में एक सनकी हमलावर ने चाकू से हमला कर रामकला निषाद की हत्या कर दी थी। हमले में उनकी पत्नी प्रभावती और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने तुरंत घायलों को संयुक्त जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर पहुँचाया। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बी.आर.डी. मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों का सराहनीय कदम
इलाज के दौरान 25 अगस्त को एएसपी प्रशान्त कुमार प्रसाद और सीओ सदर विश्वजीत सौरयान स्वयं अस्पताल पहुँचे। उन्होंने घायलों को ब्लड डोनेट कर मदद की और परिजनों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर संभव सहायता करेगा।
अस्पताल में मौजूद लोगों ने दोनों अधिकारियों के इस मानवीय कदम की जमकर सराहना की और कहा कि ऐसे कार्य समाज में विश्वास और हिम्मत को मजबूत करते हैं।